नई दिल्ली, 17 मार्च (khabarwala24)। शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर महागठबंधन को मिली हार पर कहा कि अब राज्यसभा चुनाव में भी खुलेआम ‘हॉर्स-ट्रेडिंग’ हुई है। उनका यह बयान उस वक्त आया है, जब बिहार में कांग्रेस के तीन विधायकों ने वोट नहीं किया। महागठबंधन जिस एक सीट पर जीत का दावा कर रहा था, उस पर भी एनडीए को जीत मिल गई।
राज्यसभा चुनावों के परिणाम पर शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि देखिए, एक नई प्रथा सामने आई है, जिसमें निर्दलीय उम्मीदवारों को, जिनकी जड़ें अक्सर भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी होती हैं, कुछ खास प्रभावों के आधार पर चुनाव जीतने में मदद की जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्रॉस-वोटिंग क्यों होती है? अक्सर यह पैसे या एजेंसियों के दबाव के जरिए किया जाता है। खुलेआम ‘हॉर्स-ट्रेडिंग’ (विधायकों की खरीद-फरोख्त) हो रही है। पैसे का खुलेआम लेन-देन हो रहा है, और विधायक अब संपत्ति के टुकड़ों जैसे बन गए हैं। वे बोली लगाते हैं और सबसे ऊंची बोली के हिसाब से वोट देते हैं।
प्रियंका चतुर्वेदी ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि ऐसे ही विधायकों को राज्यसभा चुनाव में खरीदा जाएगा तो राज्यसभा ‘हॉर्स-ट्रेडिंग’ का गढ़ रह जाएगा। चुनाव आयोग इस ओर ध्यान क्यों नहीं दे रहा है। यह शर्मनाक है। आने वाले दिनों में जब दूसरी पार्टियां मजबूत होंगी तो यही देखने को मिलेगा। इस मामले में राजनीतिक पक्षों को भी सोचना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि यह राज्यसभा, जहां जानी-मानी हस्तियों ने सेवा की है, जहां सदस्यों ने राष्ट्र की आत्मा और जिम्मेदारियों को समझा, नीतिगत फैसले लिए और जहां विचारकों और बुद्धिजीवियों ने देश को दिशा दिखाई, अब एक शर्मनाक चीज़ बनकर रह गई है।
महाराष्ट्र धर्मांतरण विरोधी विधेयक पर उन्होंने कहा कि हमारा समर्थन उस आधार पर है, जहां जबरन कुछ नहीं किया जाना चाहिए। अगर एक्ट पास होता है तो उसका नियम होना चाहिए, दुरुपयोग नहीं होना चाहिए।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के दिल्ली दौरे को लेकर सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि वह एलायंस के पार्टनर हैं। महाराष्ट्र सरकार में जो खींचतान चल रही है, शायद उसी सिलसिले में मिलने आए हों। बाकी ये उनकी एलायंस का मामला है।
भारतीय जहाज ‘शिवालिक’ के बाद आज ‘नंदा देवी’ के भारत पहुंचने पर प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि लोग एलपीजी के लिए लाइनों में लगे हैं। महंगाई बढ़ती जा रही है, जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है। सरकार ने पहले एलपीजी के दाम बढ़ाए। अब जो आपदा हमारे सामने है, वह यह है कि लोगों को एलपीजी नहीं मिल रही है। वर्तमान सरकार जनता के अनुरूप काम नहीं कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


