भुवनेश्वर, 20 फरवरी (khabarwala24)। ओडिशा विधानसभा में बजट सत्र के दौरान विपक्ष के हंगामे को लेकर भाजपा विधायक टंकाधर त्रिपाठी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही में बाधा डालना बेहद निंदनीय है और इसके लिए सभी विपक्षी सदस्यों को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
टंकाधर त्रिपाठी ने khabarwala24 से कहा कि किसानों के मुद्दे पर चर्चा करने का विपक्ष को नैतिक अधिकार है और यदि वे चर्चा चाहते हैं तो सरकार पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि सरकार कांग्रेस के स्थगन प्रस्ताव पर भी चर्चा के लिए तैयार है। उनका आरोप है कि विपक्ष चर्चा से बच रहा है और प्रश्नकाल को बाधित कर रहा है। यह कदम ओडिशा के हितों के खिलाफ है।
विधायक ने आशा जताई कि राज्य के लिए प्रगतिशील और विकासोन्मुख बजट पेश किया जाएगा। उन्होंने भगवान जगन्नाथ और मां समलेश्वरी से प्रार्थना करते हुए कहा कि ऐसा बजट आए जो ओडिशा को विकास के नए शिखर तक पहुंचाए। उन्होंने यह भी जिक्र किया कि वर्ष 2036 में ओडिशा राज्य गठन के 100 वर्ष पूरे करेगा और उस लक्ष्य को ध्यान में रखकर विकास की दिशा तय की जानी चाहिए।
आर्थिक दृष्टि से देखा जाए तो इस बार राज्य बजट पिछले बार से अधिक होने की संभावना है। संतुलित बजट पेश करने की अपेक्षा की जा रही है, जिसमें विकास योजनाओं और वित्तीय अनुशासन दोनों के बीच संतुलन साधने का प्रयास होगा।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी पहले ही कह चुके हैं कि राज्य का वित्तीय प्रबंधन देश में बेहतर स्थिति में है और विकास व वित्तीय संतुलन दोनों को साथ लेकर चलने की रणनीति अपनाई गई है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि ओडिशा के बजट में कौन-कौन सी नई घोषणाएं और नीतिगत प्राथमिकताएं सामने आती हैं, जो राज्य में विकास को गति देने के साथ-साथ आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में सहायक होंगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


