नई दिल्ली, 19 फरवरी (khabarwala24)। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान नेताओं के पूर्ण सत्र में अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने समिट की सफलता का श्रेय पीएम मोदी और आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव को दिया है।
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत में विश्व एआई शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। 100 देशों के वैश्विक प्रतिनिधि आए हुए हैं… यह हर भारतीय के लिए उत्साहित और आनंदित करने वाला सुखद व गौरवशाली क्षण है, परंतु ये कुछ लोगों के लिए अचंभित और आश्चर्यचकित करने वाला भी हो सकता है। क्योंकि इसी देश में एक वित्त मंत्री ऐसे थे, जिन्होंने संसद के पटल पर यह कहा था कि भारत के लोग तो नई टेक्नोलॉजी सीखने की क्षमता नहीं रखते, उनके अंदर योग्यता कम है। इसलिए वो डिजिटल ट्रांजेक्शन जैसी चीजों को भी कैसे समझ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि डिजिटल ट्रांजेक्शन में भारत दुनिया का नंबर वन देश है, और उससे आगे बढ़ते हुए विश्व एआई शिखर सम्मेलन में भारत अग्रणी भूमिका में दिखाई दे रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और कुशल नेतृत्व के कारण संभव हुआ है। इसे साकार करने के लिए आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव और उनकी टीम ने सराहनीय काम किया है। परंतु वो लोग जो कहते थे कि भारत नई तकनीक को अपनाने की क्षमता नहीं रखता है, मुझे लगता है कि उन्हें इस एआई समिट के शानदार, सफल आयोजन के सामने कम से कम अपनी गलती को स्वीकार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ये समकालीन भारतीय इतिहास के सबसे गौरवशाली क्षणों में से एक है। अमृतकाल में भारत विश्व का तकनीक में, नवीन तकनीक के मामले में नेतृत्व करने की क्षमता रखता है, एक अग्रणी भूमिका निभाने की क्षमता रखता है। ये उसका प्रमाण है और इसके लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पार्टी की ओर से आभार व्यक्त करते हैं।
Previous articleपाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से मारिजैन कप्प बाहर, काउलिंग को बुलावा
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


