उज्जैन, 14 फरवरी (khabarwala24)। 15 फरवरी को देशभर में महाशिवरात्रि का पवित्र त्योहार मनाया जाने वाला है। ऐसे में उज्जैन में विराजमान बाबा महाकाल के मंदिर की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
मंदिर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन मंदिर का मुआयना करने पहुंचे, जहां मौके पर एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। मंदिर के हॉल में आयोजित एक बैठक में कार्यकारी मजिस्ट्रेटों और अधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी गईं और ड्यूटी चार्ट जारी किए गए।
महाकाल मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक ने महाशिवरात्रि को लेकर हुई तैयारियों पर कहा, “15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पवित्र त्योहार है, जिसके दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। इसे ध्यान में रखते हुए, मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्हीं तैयारियों के संबंध में आज जो एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट को काम सौंपा गया है, उन्होंने सभी तैयारियों के संबंध में ब्रीफिंग दी है। सभी को अपने सेक्टर की सभी व्यवस्थाओं को संभालना होगा, ताकि दर्शन करने आए किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो।”
उन्होंने आगे बताया कि 15 फरवरी और 16 फरवरी को मंदिर में भक्तों की संख्या बढ़ने वाली है और हर मजिस्ट्रेट अपने सेक्टर का दौरा पहले ही कर रहा है ताकि चीजों में समय रहते बदलाव किया जा सके। मंदिर प्रशासन की मानें तो दो दिन में 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए आ सकते हैं। इसलिए व्यवस्थाओं को अंतरिम रूप देने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही बाबा के कपाट 44 घंटे खुले रहने वाले हैं, जिससे भक्तों को बाबा के हर प्रहर के शृंगार के दर्शन हो सकें।
महाशिवरात्रि के मौके पर मंदिर में विशेष चार पहर की पूजा होगी जो अगले दिन यानी 16 फरवरी तक चलेगी। बता दें कि 15 फरवरी की रात महाकाल मंदिर की बेहद खास रात्रि होने वाली है क्योंकि महाशिवरात्रि के दिन बाबा को दूल्हे की तरह सजाया जाता है। फूलों के सेहरे और भारी आभूषणों से बाबा का शृंगार किया जाता है। बाबा के अद्भुत रूप के दर्शन के लिए ही भक्त देश के हर कोने से महाकाल मंदिर पहुंचते हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


