उमरिया, 10 मार्च (khabarwala24)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चन्सुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहां 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला रामलली मिश्रा पर उनके ही घर में लूट की नीयत से जानलेवा हमला किया गया। महिला को गंभीर हालत में खून से लथपथ पाया गया और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने पर कटनी रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी तब मिली जब गांव के ही मंगल अहीर रोज की तरह महिला को दूध देने पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्हें संदेह हुआ। आसपास के लोगों को इकट्ठा कर पुलिस को सूचना दी गई। इंदवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो महिला फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थीं। पुलिस ने तुरंत उन्हें बरही अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद कटनी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। जांच में पता चला कि आरोपी गांव का ही युवक सचिन, जो नशे का आदी है। उसने लूट की नीयत से रात करीब 11.30 बजे महिला के घर में घुसकर टांगी से उन पर हमला कर दिया। महिला के चीखने-चिल्लाने पर भी आसपास कोई नहीं पहुंच सका। आरोपी ने महिला को गंभीर रूप से घायल करने के बाद घर से चांदी की पायल, सोने का लॉकेट, मोटरसाइकिल और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना और डिजिटल साक्ष्यों (मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज आदि) की मदद से आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने लूटे गए जेवरात और अन्य सामान की तलाश तेज कर दी है।
Previous article26 मार्च से होगा पाकिस्तान सुपर लीग 2026 का आगाज, 3 मई को खेला जाएगा फाइनल
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


