आगर मालवा, 21 मार्च (khabarwala24)। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शनिवार को मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में नलखेड़ा के पास स्थित श्री बगलामुखी माता मंदिर पहुंचे, जहां पत्नी के साथ माता के दर्शन किए और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक जैसे ही मंदिर पहुंचे, पुजारियों ने उनका विधिवत स्वागत किया और पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करवाई। मंदिर परिसर में पंडितों ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजा की और डिप्टी सीएम पाठक ने हवन में आहुतियां दीं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देश की खुशहाली, समृद्धि और शांति की कामना की।
यह मंदिर अपनी विशेषता के लिए जाना जाता है, क्योंकि यहां बगलामुखी माता की त्रिशक्ति स्वरूप यानी त्रिमुख वाली मूर्ति प्रतिष्ठित है। यही वजह है कि नवरात्रि के समय यहां श्रद्धालुओं की भीड़ काफी ज्यादा रहती है।
मां बगलामुखी मंदिर नलखेड़ा कस्बे के लखुंदर नदी के किनारे स्थित है। इसका शांत और दिव्य वातावरण भक्तों को बहुत आकर्षित करता है। यहां की परंपरा और रीति-रिवाज बहुत पुराने हैं और हर पूजा विधि-विधान के साथ की जाती है। डिप्टी सीएम पाठक ने भी विधिपूर्वक पूजा में भाग लिया और हवन में आहुतियां देकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
नलखेड़ा का यह मंदिर न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि आस्था और श्रद्धा का भी प्रमुख केंद्र है। मां बगलामुखी देवी को शक्तिशाली और संकट निवारक माना जाता है, इसलिए लोग यहां मन की शांति और समृद्धि की कामना लेकर आते हैं।
इस बार भी चैत्र नवरात्रि के चलते मंदिर में काफी भीड़ है। दूर-दूर से श्रद्धालु माता बगलामुखी के दर्शन करने आ रहे हैं। आज नवरात्रि के तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्दालुओं ने दर्शन किए। ऐसे में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई समस्या न हो।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


