तिरुवनंतपुरम, 20 मार्च (khabarwala24)। केरल विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को अपने उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की थी। पार्टी इस बार 95 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि जारी सूची में 92 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
तीन सीटें सीपीएम के बागी उम्मीदवारों के समर्थन के लिए खाली छोड़ी गई हैं।
हालांकि, सूची सामने आने के बाद टिकट वितरण को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने महिला उम्मीदवारों की कम संख्या पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि 92 टिकटों में से सिर्फ 9 टिकट ही महिलाओं को दिए गए हैं।
शमा मोहम्मद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए राहुल गांधी से मदद की अपील की।
उन्होंने लिखा, “हमें नकारा गया है, लेकिन हम हारे नहीं हैं। मैं अपने नेता राहुल गांधी से आग्रह करती हूं कि केरल की कांग्रेस महिलाओं की मदद करें। 92 टिकटों में से सिर्फ 9 महिलाओं को दिए गए हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी 16 टिकटों में सिर्फ 1 महिला को मौका मिला था। अगर कोई महिला प्रतिभाशाली हो, तब भी हालात बेहद खराब हैं। यह बहुत दुखद है।”
बता दें कि डॉ. शमा मोहम्मद एक प्रमुख भारतीय राजनेता हैं और कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। वह पेशे से डॉक्टर भी हैं और अमेरिका में सर्जन के तौर पर काम कर चुकी हैं। वह मूल रूप से केरल के कन्नूर की रहने वाली हैं।
केरल में 2026 विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 9 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।
उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद कांग्रेस के भीतर ही टिकट वितरण को लेकर असंतोष के संकेत मिल रहे हैं, खासकर महिलाओं की भागीदारी को लेकर उठे सवालों ने पार्टी के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


