गुवाहाटी, 5 मार्च (khabarwala24)। राज्यसभा चुनाव के लिए असम से तीन उम्मीदवार जोगेन मोहन, तेराश गोवाल्ला और प्रमोद बोरो ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
ये नामांकन पत्र असम विधानसभा परिसर में रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में जमा किए गए। नामांकन के समय केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी मौजूद थे।
तीनों उम्मीदवारों में से जोगेन मोहन और तेराश गोवाला को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है, जबकि प्रमोद बोरो गठबंधन के उम्मीदवार हैं।
असम में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। नामांकन दाखिल होने के साथ ही चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है।
नामांकन के बाद सर्बानंद सोनोवाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ये तीनों उम्मीदवार असम के मजबूत और महत्वपूर्ण समुदायों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि तीनों नेता लंबे समय से जनता की सेवा कर रहे हैं और राज्य के लोगों के लिए काम करते रहे हैं।
सोनोवाल ने यह भी कहा कि ये नेता असम के अलग-अलग क्षेत्रों बराक घाटी, ब्रह्मपुत्र घाटी और पहाड़ी इलाकों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि ये तीनों नेता संसद में असम से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि ये तीनों मिलकर राज्यसभा में भाजपा और यूपीपीएल गठबंधन का प्रतिनिधित्व करेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर असम की आवाज को मजबूत करेंगे।
असम में सत्तारूढ़ गठबंधन के पास विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल है, इसलिए माना जा रहा है कि वह तीनों राज्यसभा सीटें जीत सकता है।
ये चुनाव राज्यसभा के उन सदस्यों की जगह भरने के लिए हो रहे हैं जिनका कार्यकाल खत्म हो रहा है।
अगर जरूरत पड़ी तो मतदान चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार असम विधानसभा के सदस्यों द्वारा किया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


