चंडीगढ़, 13 फरवरी (khabarwala24)। पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के खिलाफ जातिवादी और अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में राज्यव्यापी प्रदर्शन किया।
आप के वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक, कार्यकर्ता और निवासी बड़ी संख्या में प्रदर्शनों में शामिल हुए और बाजवा तथा कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए नारे लगाए।
आप नेता बलतेज पन्नू ने कहा कि कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के खिलाफ प्रताप सिंह बाजवा की शर्मनाक और जातिवादी टिप्पणियां केवल एक मंत्री का अपमान नहीं हैं, बल्कि पूरे दलित समुदाय और पंजाब के मेहनती लोगों और मजदूरों पर सीधा हमला हैं।
उन्होंने कहा कि हम मांग करते हैं कि बाजवा और कांग्रेस नेतृत्व दलित समुदाय और सभी मेहनती लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब महासचिव ने आगे कहा कि पंजाब की जनता के सामने कांग्रेस की दलित विरोधी मानसिकता एक बार फिर उजागर हो गई है। आम आदमी पार्टी किसी को भी दलितों का अपमान करने या राज्य के मेहनतकश लोगों की गरिमा को ठेस पहुंचाने की इजाजत नहीं देगी।
कांग्रेस नेतृत्व को चुनौती देते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब नेताओं ने कहा कि क्या प्रताप सिंह बाजवा की जातिवादी भाषा कांग्रेस पार्टी की आधिकारिक सोच को दर्शाती है? क्या कांग्रेस बाजवा की अपमानजनक टिप्पणियों का समर्थन करती है? क्या कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सार्वजनिक रूप से उनकी निंदा करेंगे, या वे एक बार फिर चुप्पी साध लेंगे, जैसा कि वे दलितों पर हमले, उनकी अनदेखी या उन्हें अपमानित किए जाने पर करते आए हैं?
इस मसले को लेकर मलेरकोटला और रोपड़ समेत पंजाब भर के शहरों में बड़े प्रदर्शन हुए। इन शहरों में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और बैंड-बाजा कलाकारों ने आम आदमी पार्टी के नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बाजवा और कांग्रेस की दलित विरोधी सोच की निंदा की।
होशियारपुर, कपूरथला, एसबीएस नगर, अमृतसर, पठानकोट, तरनतारन, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, मोगा, पटियाला, संगरूर, बठिंडा, फाजिल्का, फिरोजपुर, मानसा, श्री मुक्तसर साहिब, बरनाला और एसएएस नगर में भी प्रदर्शन हुए, जहां आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे और दलित विरोधी मानसिकता की निंदा की।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


