गुवाहाटी, 11 मार्च (khabarwala24)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को खानापारा वेटरिनरी फील्ड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान (सीएमएएए) 1.0 के तहत लाभार्थियों को चेक वितरित किए।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को स्वरोजगार के अवसर देकर आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित लाभार्थियों को चेक सौंपे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को सशक्त बनाने और असम में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सरमा ने बताया कि इस योजना के तहत पात्र युवाओं को दो लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जा सकती है, जो जमानत के साथ या बिना जमानत के भी उपलब्ध होगी। भविष्य में इस सहायता को युवा उद्यमियों के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से जोड़कर और विस्तार देने की भी योजना है।
उन्होंने बताया कि सीएमएएए 1.0 के पहले चरण में करीब एक लाख युवाओं को एक लाख रुपये की पहली किस्त दी जाएगी। दूसरे चरण में 12 हजार लाभार्थियों को अतिरिक्त सहायता मिलेगी, जबकि अंतिम चरण में अन्य 12 हजार युवाओं को दो लाख रुपये तक की पूरी सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि असम में स्वरोजगार का एक मजबूत मॉडल विकसित किया जा रहा है।”
कार्यक्रम में मौजूद लाभार्थियों ने भी सरकार की इस पहल की सराहना की।
एक महिला लाभार्थी ने कहा, “सरकार के प्रयासों से हमें काफी फायदा हुआ है। आर्थिक सहायता मिलने से हम अपनी आय बढ़ा सकते हैं और पहले से ज्यादा कमा सकते हैं। सरकार महिलाओं पर विशेष ध्यान दे रही है।”
दूसरी महिला लाभार्थी ने कहा कि यह सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुई है और इससे उनकी आय में बढ़ोतरी होगी।
वहीं एक पुरुष लाभार्थी ने कहा, “पिछली सरकारों के समय कुछ नहीं हुआ, लेकिन वर्तमान सरकार काफी मददगार है।”
एक अन्य लाभार्थी, जो बेकरी की दुकान चलाते हैं, ने कहा कि उन्हें मिली पहली एक लाख रुपये की राशि से वे अपने कारोबार का विस्तार करेंगे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


