अहमदाबाद, 17 फरवरी (khabarwala24)। अदाणी ग्रुप ने मंगलवार को दुनिया की सबसे बड़ी एकीकृत ऊर्जा और कंप्यूट परियोजनाओं में से एक की घोषणा की। समूह ने 2035 तक नवीकरणीय ऊर्जा से चलने वाले हाइपरस्केल, एआई-रेडी डेटा सेंटर विकसित करने के लिए 100 अरब डॉलर के प्रत्यक्ष निवेश का ऐलान किया है।
इस पहल का उद्देश्य एक दीर्घकालिक संप्रभु ऊर्जा और कंप्यूट प्लेटफॉर्म तैयार करना है, ताकि भारत उभरती ‘इंटेलिजेंस रिवोल्यूशन’ में वैश्विक नेतृत्व हासिल कर सके।
इस निवेश से 2035 तक सर्वर निर्माण, उन्नत विद्युत ढांचा, संप्रभु क्लाउड प्लेटफॉर्म और सहायक उद्योगों में अतिरिक्त 150 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, अगले दशक में भारत में 250 अरब डॉलर का एआई इंफ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम विकसित होने का अनुमान है।
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि दुनिया एक ऐसी इंटेलिजेंस क्रांति के दौर में प्रवेश कर रही है, जो पिछली औद्योगिक क्रांतियों से भी अधिक प्रभावशाली होगी। उन्होंने कहा कि जो देश ऊर्जा और कंप्यूट के संतुलन को समझेंगे, वही अगले दशक की दिशा तय करेंगे और भारत इसके लिए खास स्थिति में है।
उन्होंने बताया कि अदाणी ग्रुप अपने डेटा सेंटर और ग्रीन एनर्जी के अनुभव के आधार पर एआई के पूरे पांच-स्तरीय ढांचे का निर्माण कर रहा है, जिसका फोकस भारत की तकनीकी संप्रभुता पर है।
यह योजना अदाणीकॉनेक्स के मौजूदा 2 गीगावाट राष्ट्रीय डेटा सेंटर नेटवर्क पर आधारित है, जिसे बढ़ाकर 5 गीगावाट करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत गूगल के साथ विशाखापट्टनम में देश का सबसे बड़ा गीगावाट स्तर का एआई डेटा सेंटर कैंपस स्थापित किया जाएगा, जबकि नोएडा में भी अतिरिक्त कैंपस बनाए जाएंगे। साथ ही माइक्रोसॉफ्ट के साथ हैदराबाद और पुणे में भी साझेदारियां की गई हैं।
इसके अलावा, ग्रुप फ्लिपकार्ट के साथ अपनी साझेदारी को भी आगे बढ़ाएगा और अगली पीढ़ी के डिजिटल कॉमर्स तथा बड़े एआई वर्कलोड को संभालने के लिए दूसरा एआई डेटा सेंटर विकसित करेगा।
5 गीगावाट की यह परियोजना दुनिया का सबसे बड़ा एकीकृत डेटा सेंटर प्लेटफॉर्म बनाने का लक्ष्य रखती है, जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन, ट्रांसमिशन ढांचा और हाइपरस्केल एआई कंप्यूट को एक साथ जोड़ा जाएगा।
अदाणी ग्रुप ने वैश्विक तकनीकी कंपनियों, संप्रभु संस्थानों और नवाचार भागीदारों को इस महत्वाकांक्षी एआई इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म के निर्माण में सहयोग के लिए आमंत्रित किया है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


