गुजरात, 17 मार्च (khabarwala24)। केंद्र सरकार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के माध्यम से, देश के राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित, आधुनिक और विश्व स्तरीय बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
इसी बीच, केंद्र सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि गुजरात के बनासकांठा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-168ए के थावर-जेरदा खंड को फोरलेन में अपग्रेड करने के लिए 451.49 करोड़ रुपए की लागत को मंजूरी दी गई है।
उन्होंने आगे कहा, “गुजरात के बनासकांठा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-168ए के थावर-जेरदा (लंबाई 22.45 किमी) खंड के फोरलेन में उन्नयन के लिए 451.49 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है।”
उन्होंने बताया, “प्रस्तावित खंड धनेरा कस्बे से होकर गुजरता है और डीसा के पास झेरदा गांव से जुड़ता है। यह खंड राष्ट्रीय राजमार्ग-168 और राज्य राजमार्ग-7 के माध्यम से राजस्थान के सिरोही और पाली की ओर जाने वाले यातायात को सुगम बनाता है। यहां स्थानीय यातायात की मात्रा अधिक रहती है।”
उन्होंने आगे लिखा, “वर्तमान में मौजूदा सड़क पर विशेष रूप से धनेरा में भारी भीड़भाड़ रहती है, इसलिए धनेरा में 5.5 मीटर सर्विस रोड के पुनर्निर्माण के साथ इसे फोरलेन में अपग्रेड करने से भीड़भाड़ कम होगी, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा, यातायात की गति बढ़ेगी और यात्रा का समय कम होगा।”
इससे पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बीते शनिवार को ‘एक्स’ पर ही एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी थी कि राजस्थान के जयपुर और अजमेर जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के जयपुर-किशनगढ़ (लंबाई 89.785 किमी) खंड के फ्लाईओवर और सर्विस रोड के निर्माण सहित सिक्स लेन उन्नयन के लिए 910.90 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा था, “इस कॉरिडोर को आंशिक रूप से एक्सेस-कंट्रोल्ड राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे वाहनों की औसत गति बढ़ाने और यात्रा समय को मौजूदा 2 घंटे से लगभग 1 घंटे कम करने में मदद मिलेगी। स्थानीय यातायात का पृथक्करण, दोनों ओर सर्विस रोड और फ्लाईओवर का प्रावधान सुरक्षा बढ़ाने में भी सहायक होगा। दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मृत्यु की संख्या को कम करने के लिए इस खंड पर मौजूदा टकराव बिंदुओं का भी समाधान किया जाएगा।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


