नई दिल्ली, 13 मार्च (khabarwala24)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान अठावले ने उन्हें राज्यसभा में लगातार तीसरी बार निर्विरोध चुने जाने पर सहयोग और सद्भावना के लिए धन्यवाद दिया।
अठावले को लगातार तीन बार राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने जाने का गौरव प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के साथ वे देश के अंबेडकरवादी आंदोलन से जुड़े ऐसे प्रमुख नेता बन गए हैं जिन्हें राज्यसभा में लगातार तीन कार्यकाल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। इस अवसर पर अठावले ने कहा कि उन्हें राज्यसभा में हैट्रिक दिलाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसी के लिए उन्होंने गृह मंत्री से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया।
अठावले ने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी देशभर में महान समाज सुधारक बीआर अंबेडकर के विचारों के साथ नीले झंडे को लेकर आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक और आर्थिक समानता के लिए लगातार काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का मंत्र देकर देश को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। रिपब्लिकन पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की घटक दल है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों को मजबूत करने का काम कर रही है।
अठावले ने कहा कि केंद्र सरकार डॉ. आंबेडकर के विचारों के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आंबेडकर द्वारा सुझाए गए नदी जोड़ो परियोजना को साकार करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर से जुड़े कई स्मारकों का निर्माण भी पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के विकास एजेंडे को देश के हर गांव तक पहुंचाने का काम रिपब्लिकन पार्टी करेगी। साथ ही डॉ. आंबेडकर के विचारों, नीले झंडे और सामाजिक-आर्थिक समानता के संदेश को पूरे देश में फैलाया जाएगा।
अठावले ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी और गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें तीसरी बार राज्यसभा में जाने का अवसर दिया, जिसके लिए वे उनका आभार व्यक्त करते हैं।
वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात को लेकर उन्होंने लिखा, “आज नई दिल्ली स्थित संसद भवन कार्यालय में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर बाबा साहेब के समतामूलक भारत के सपने को साकार करने की दिशा में दलित, वंचित एवं पिछड़े समाज के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण, कृषि उत्पादकता बढ़ाने तथा सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। साथ ही, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के हजारों कार्यकर्ताओं की ओर से राज्यसभा निर्वाचन के अवसर पर माननीय गृह मंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


