नई दिल्ली, 27 फरवरी (khabarwala24)। आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली शराब नीति से जुड़े सीबीआई मामले में बरी होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आज साबित हो गया कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार हैं।
‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “सत्यमेव जयते। आज एक बार फिर बाबा साहेब अंबेडकर की दूरदर्शी सोच और उनके बनाए संविधान पर फख्र महसूस हो रहा है। भाजपा और सारी एजेंसियों की हमें बेईमान साबित करने की तमाम कोशिशों के बावजूद आज साबित हो गया कि अरविंद केजरीवाल-मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है।”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सच की हमेशा जीत होती है। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्ली की अदालत की ओर से शराब घोटाले मामले में बरी कर दिया गया है। अदालत के इस फैसले ने सच्चाई को सबके सामने ला दिया है। समय के साथ बाकी सभी मामलों की सच्चाई भी सामने आ जाएगी।”
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “कोर्ट ने हमारे नेताओं को बरी कर दिया। ये साबित हो गया कि देश की सत्ता पर एक खतरनाक षड्यंत्रकारी राज कर रहा है, जिसने साजिश रच कर देश के ‘सबसे ईमानदार मुख्यमंत्री’ अरविंद केजरीवाल, सबसे योग्य ‘ईमानदार शिक्षा मंत्री’ मनीष सिसोदिया और ‘सबसे ईमानदार पार्टी’ आम आदमी पार्टी को बदनाम किया। हमारे नेताओं को जेल में यातनाएं दीं।”
पार्टी नेता सुशील गुप्ता ने पोस्ट किया, “सत्य अडिग होता है, झूठ के पैर नहीं होते। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व हमारे प्रेरणा स्रोत अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को अदालत की ओर से बरी किया जाना सत्य की जीत है। केजरीवाल ने हमेशा ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ देश की सेवा की है।”
पंजाब सरकार में मंत्री अमन अरोड़ा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “न्याय में देरी हो सकती है, लेकिन न्याय से वंचित नहीं किया जा सकता। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत बाकी सभी को दिल्ली के तथाकथित शराब घोटाले के मनगढ़ंत और झूठ के पुलिंदे से कोर्ट ने बरी कर दिया है। इससे एक बार फिर साबित हो गया है कि केंद्र सरकार की एजेंसियों ने यह सब आम आदमी पार्टी की ईमानदारी की राजनीति को बदनाम करने और नुकसान पहुंचाने के लिए किया। देश के लोग आने वाले दिनों में साजिश करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देंगे।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


