नोएडा, 16 मार्च (khabarwala24)। नोएडा के सेक्टर-4 स्थित बिजली मीटर बनाने वाली एक फैक्ट्री में कुछ दिन पहले लगी भीषण आग के मामले में बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। हादसे के बाद से लापता चल रहे कर्मचारी उपेंद्र कुमार का जला हुआ शव बीती रात फैक्ट्री परिसर से बरामद किया गया है। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे मामले को लेकर इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के रहने वाले उपेंद्र कुमार फैक्ट्री में कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थे। हादसे वाली रात वह नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात थे। आग लगने के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई थी और कई कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल हो गए थे। हालांकि, उस समय से ही उपेंद्र कुमार का कोई पता नहीं चल रहा था।
घटना के बाद से ही पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार उपेंद्र की तलाश में जुटी हुई थीं। फैक्ट्री के अंदर मलबे और जले हुए हिस्सों की गहन तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान बीती रात फैक्ट्री परिसर में जले हुए हिस्से के बीच से उपेंद्र कुमार का शव बरामद हुआ। शव की हालत बुरी तरह जली हुई बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में लगी इस भीषण आग में तीन दर्जन से ज्यादा कर्मचारी घायल हो गए थे, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। आग इतनी भीषण थी कि दमकल विभाग को इसे काबू में करने में करीब 48 घंटे का समय लग गया। आग बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया था।
हादसे के दौरान फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। धुएं और तेज लपटों के बीच कई कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं, कुछ लोग अंदर ही फंस गए थे, जिनमें उपेंद्र कुमार भी शामिल थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया था। अब शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना थाना फेज-1 क्षेत्र की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फैक्ट्री में आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है, साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


