पटना, 17 मार्च (khabarwala24)। बिहार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने मंगलवार को दावा किया कि राज्य में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि भ्रामक एवं अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे विभाग द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष एवं जिलों में स्थापित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर संपर्क करें।
मंत्री लेशी सिंह ने मंगलवार को विभाग में स्थापित राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण भी किया। यह नियंत्रण कक्ष राज्य में एलपीजी आपूर्ति से संबंधित उत्पन्न समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए स्थापित किया गया है।
मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा एवं शिकायतों के शीघ्र निवारण के उद्देश्य से विभाग द्वारा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन सुबह सात बजे से रात्रि नौ बजे तक कार्यरत रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के सभी जिलों में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जहां उपभोक्ता अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।
विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने बताया कि राज्य में घरेलू गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्थिति की सतत निगरानी की जा रही है तथा कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने के लिए सभी जिला पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य के सभी अस्पतालों एवं शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही, पेट्रोल एवं डीजल का भी पर्याप्त भंडार राज्य में उपलब्ध है, जिससे आमजनों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वर्तमान व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता अंतिम डिलीवरी के 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद नए गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


