भोपाल, 21 फरवरी (khabarwala24)। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस ने 24 फरवरी को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में किसान महापंचायत का आयोजन किया है। इस महापंचायत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि कांग्रेस द्वारा 24 फरवरी को भोपाल में किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की भी उपस्थिति रहेगी। महापंचायत में हजारों किसान शामिल होकर मोदी सरकार की किसान-विरोधी ट्रेड डील की सच्चाई को उजागर करेंगे।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि इतिहास गवाह है 1965 और 1971 के दशक में अमेरिका द्वारा खाद्यान्न आपूर्ति रोके जाने से देश की स्थिति अत्यंत खराब हो गई थी। उसके बाद हरित क्रांति के माध्यम से भारत आत्मनिर्भर बना। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रस्तावित ट्रेड डील से देश में फिर वैसी ही खतरनाक परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका से सोयाबीन आयात हुआ तो देश के किसान और छोटे व्यापारियों पर भारी असर पड़ेगा। कपास के मामले में भारत आत्मनिर्भर है, फिर भी यदि अमेरिका से कपास लाई गई तो भारतीय किसानों की खपत और आय पर सीधा प्रहार होगा। कांग्रेस नेता ने घोषणा की है कि 24 फरवरी से भोपाल से जन-जागृति और आंदोलन की शुरुआत की जाएगी और पूरे देश में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भारत की रीढ़ खेती है। आजादी के बाद कभी भी विदेशी ताकतों को एग्रीकल्चर में घुसने नहीं दिया गया, लेकिन मोदी सरकार के आने के बाद लगातार कृषि को विदेशी शक्तियों के हवाले करने की तैयारी की जा रही है।
पटवारी ने कहा कि पीएम मोदी ने भारत के किसानों को अमेरिका के हाथ बेच दिया है। यह समझौता किसानों का अपमान है। मध्य प्रदेश का किसान चुप नहीं बैठेगा। यह किसान आंदोलन की शुरुआत है। आंदोलन की शुरुआत बुधनी में किसान चौपाल से होगी, और विदिशा से किसान पदयात्रा प्रारंभ की जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह ट्रेड डील देशहित में नहीं है। इस तरह के सरेंडर के पीछे कई संदिग्ध कहानियां हो सकती हैं। अमेरिका ने पाकिस्तान को खुला समर्थन दिया है और मोदी सरकार हमारे दुश्मनों के साथ दोस्ती निभा रही है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका में बने उत्पाद भारत में बेचने की तैयारी है, जबकि देश का किसान अभी सम्पन्न नहीं हुआ है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


