नई दिल्ली, 1 फरवरी (khabarwala24)। भारतीय तटरक्षक बल के स्थापना दिवस पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सहित भाजपा नेताओं ने वीर जवानों को बधाई दी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ‘समुद्र में आपकी निगरानी और साहस ही भारत की सीमाओं का कवच है।’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय तटरक्षक के स्थापना दिवस पर उनके बहादुर जवानों को शुभकामनाएं। समुद्र में आपकी शांत निगरानी, अटूट साहस और कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण हर दिन भारत की समुद्री सीमाओं को सुरक्षित रखता है। राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को मेरा नमन।”
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “देश की समुद्री सीमाओं के सच्चे प्रहरी, साहस, सेवा और समर्पण की मिसाल भारतीय तटरक्षक बल के सभी कर्मियों को भारतीय तटरक्षक दिवस की हार्दिक बधाई। राष्ट्र आपकी वीरता को नमन करता है।”
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “अदम्य साहस, समर्पण व वीरता के साथ देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा में पूरी निष्ठा से सेवारत भारतीय तटरक्षक बल के सभी वीर जवानों के शौर्य को नमन एवं भारतीय तटरक्षक बल के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। देश की समुद्री सीमा की निगरानी हो या तटीय क्षेत्रों में आपदा राहत, भारतीय तटरक्षक बल सदैव “वयम् रक्षाम्” के अपने आदर्श वाक्य को चरितार्थ करता रहा है।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “वयम् रक्षामः भारतीय तटरक्षक बल के स्थापना दिवस की सभी साहसी, समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ वीरों एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपका राष्ट्र की सुरक्षा, समुद्री संपदा और नागरिक जीवन की रक्षा का संकल्प भारत की सामुद्रिक संप्रभुता का दृढ़ आधार है। आपका साहस, अनुशासन और सेवा-भाव हर भारतीय के लिए प्रेरणा और गर्व का शाश्वत स्रोत है। जय हिंद।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय समुद्री सीमाओं के सजग प्रहरी ‘भारतीय तटरक्षक बल’ के स्थापना दिवस पर सभी वीर तटरक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं! ‘वयम् रक्षामः’ के ध्येय वाक्य को आत्मसात कर, अदम्य साहस और समर्पण से समंदर की लहरों पर तिरंगे का मान बढ़ाने वाले हमारे जांबाज प्रहरियों को नमन!”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय तटरक्षक बल के स्थापना दिवस पर राष्ट्र सेवा में पूर्ण निष्ठा से समर्पित समस्त तटरक्षक बल के वीर जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपका समर्पण, साहस एवं प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत की विशाल समुद्री सीमाओं के सजग प्रहरी और अदम्य साहस के प्रतीक, भारतीय तटरक्षक बल के समस्त पराक्रमी योद्धाओं एवं उनके परिजनों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। ‘वयम् रक्षामः’ के अमर उद्घोष को अपने जीवन का ध्येय मानकर नीली सीमाओं पर शौर्य, अनुशासन और अटूट कर्तव्यनिष्ठा की गौरवगाथा रचने वाले इन वीर प्रहरियों पर सम्पूर्ण राष्ट्र को गर्व है।”
उन्होंने आगे लिखा कि मां भारती की सेवा में आपकी सतत सजगता, वीरता और निस्वार्थ समर्पण ही देश की सुरक्षा, संप्रभुता और समृद्धि का आधार है। आप सभी के अद्वितीय शौर्य और सेवा भावना को शत्-शत् वंदन।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


