लखनऊ, 20 मार्च (khabarwala24)। उत्तर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने आलू के भंडारण, बाजार मूल्य और विपणन को लेकर अहम प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि अमोनिया गैस की कमी से उत्पन्न संकट को केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से महज 24 घंटे में दूर कर लिया गया, जिससे लाखों किसानों और शीतगृह संचालकों को बड़ी राहत मिली।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता की शुरुआत में शीतगृह संचालकों और आलू उत्पादक किसानों का स्वागत किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आलू के बेहतर भंडारण और विपणन के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि आलू की खपत और बाजार विस्तार को ध्यान में रखते हुए ओडिशा सरकार के साथ 15 लाख मीट्रिक टन आलू खरीदने का समझौता भी किया गया है, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की संभावना बढ़ी है। मंत्री ने कहा कि इसी बीच अचानक शीतगृहों में भंडारित आलू पर संकट उत्पन्न हो गया, जब अमोनिया गैस की कमी सामने आई। यह स्थिति वैश्विक कारणों से पैदा हुई थी, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में राज्य स्तर पर तुरंत समाधान के प्रयास शुरू किए गए।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारत सरकार के उर्वरक एवं रसायन मंत्री जे.पी. नड्डा और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से संपर्क किया गया। एक प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक के बाद दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के भीतर आवश्यक निर्देश जारी किए, जिससे शीतगृह संचालकों को अमोनिया गैस की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकी।
मंत्री सिंह ने कहा कि इस त्वरित कार्रवाई से न केवल भंडारित आलू को नुकसान से बचाया गया, बल्कि किसानों और शीतगृह संचालकों में भी विश्वास बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री और संबंधित केंद्रीय मंत्रियों का आभार जताते हुए इसे ‘श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने शीतगृह एसोसिएशन की उपाध्यक्ष तृप्ति सिंह के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से ही इस संकट का सफल समाधान संभव हो पाया।
–khabarwala24
विकेटी/एएस
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


