मुंबई, 14 फरवरी (khabarwala24)। शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने पुलवामा हमले की बरसी, मालेगांव विवाद, विदेश नीति और भारत-अमेरिका समझौते समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी।
पुलवामा आतंकी हमले के सात वर्ष पूरे होने पर उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश को ज्यादा मजबूत, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने भरोसा दिलाया है कि ऐसे हमलों का डटकर मुकाबला किया जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और आतंकवाद का कोई धर्म या रंग नहीं होता, लेकिन जो आतंकियों को शरण देते हैं, उन्हें कड़ा जवाब मिलेगा।
मालेगांव के उपमहापौर द्वारा कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाए जाने के विवाद पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। शाइना एनसी ने कहा कि सार्वजनिक पद पर बैठने वाले व्यक्ति को संविधान द्वारा दी गई जिम्मेदारी समझनी चाहिए। देश के सच्चे नायकों में छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर शामिल हैं, जिनका सम्मान किया जाना चाहिए।
विदेश मंत्री हरदीप सिंह पुरी से जुड़े विवाद पर शाइना एनसी ने कहा कि उन्हें किसी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुरी ने जेफ्री एपस्टीन से तीन से चार बार मुलाकात एक स्वतंत्र बहुपक्षीय आयोग के संदर्भ में की थी। शिवसेना प्रवक्ता ने बताया कि यह मुलाकात उस समय हुई थी जब वे केंद्रीय मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं थे और 2017 में ही उन्हें कैबिनेट में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि ईमेल संवाद के जरिए भारत की इंटरनेट अर्थव्यवस्था और आर्थिक गतिविधियों को अवसर मिला।
भारत-अमेरिका समझौते को लेकर राहुल गांधी की आलोचना पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस समझौते की जानकारी नहीं है क्योंकि उन्होंने भारत द्वारा लिए गए निर्णयों को ठीक से पढ़ा नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार के सभी फैसले किसानों और ‘मेक इन इंडिया’ के हित में हैं। डेटा, एनालिटिक्स, अर्थव्यवस्था, उच्च निवेश और एआई जैसे क्षेत्रों में भारत को नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को निर्यात के अभूतपूर्व अवसर मिले हैं और देश अपनी संप्रभुता के अनुसार निर्यात नीति तय करेगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


