भोपाल 4 मार्च (khabarwala24)। मध्य प्रदेश में रंगों का पर्व होली धूमधाम से मनाया जा रहा है। सियासी गलियारों से लेकर गली मोहल्ला तक हर तरफ होली का रंग उड़ रहा है।
होलिका दहन सोमवार की शाम को किया गया था मगर मंगलवार को चंद्र ग्रहण होने के कारण होली बुधवार को खेली जा रही है। राजधानी में मुख्यमंत्री के आवास पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फूलों से होली खेली।
मंत्रिमंडल के सदस्यों से लेकर भाजपा के नेता और अधिकारी मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे जहां सभी ने जमकर होली खेली। गीत संगीत पर लोग खूब थिरके भी और एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली मनाई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस अवसर पर सभी को होली की शुभकामनाएं दी और राज्य की प्रगति तथा आम आदमी की खुशहाली की भी कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पर फूलों की बरसात कर होली खेली, तो वहीं मुख्यमंत्री ने भी वहां पहुंचे लोगों पर फूलों की वर्षा की। साथ ही, यहां गूंजते होली के गीत एक अद्भुत नजारा पेश करने वाले रहे।
वहीं प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने समर्थकों के साथ होली मनाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह होली आपके जीवन में खुशियों के नए रंग भर दे, हर घर में सुख-समृद्धि और शांति का वास हो, और आपके परिवार में प्रेम, विश्वास और आपसी सद्भाव की मिठास बनी रहे।
इसी तरह राज्य के हर हिस्से में होली की धूम है। हुरियारों की टोली घूम रही है और वे सभी को रंग से सराबोर कर रहे हैं। हर तरफ होली के गीत और संगीत गूंज रहे हैं और संगीत की धुन पर खूब थिरक रहे हैं, साथ में अबीर-गुलाल के साथ रंग भी उड़ा रहे हैं।
–khabarwala24
एसएनपी/एएस
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


