नई दिल्ली, 30 नवंबर (khabarwala24)। राजधानी दिल्ली के 12 वार्डों में एमसीडी उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह से ही विभिन्न बूथों पर मतदाताओं की आवाजाही देखी जा रही है। मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है और परिणामों को लेकर राजनीतिक दलों में उत्सुकता बनी हुई है।
भाजपा विधायक रवि नेगी ने khabarwala24 से बातचीत में कहा, “मैं पहले भी इस विनोद नगर क्षेत्र में काम कर चुका हूं, जिसके बाद मुझे 7,000 वोटों के अंतर से जीत मिली। सीट खाली होने के बाद सरला चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया। वह 2012 से 2017 तक यहां की पार्षद रह चुकी हैं और बेहतरीन काम किया है। इसी को देखते हुए उन्हें टिकट दिया गया। इस सीट के साथ-साथ दिल्ली की सभी 12 सीटों पर हमारी जीत तय है।”
भाजपा नेता नसीब ने दावा किया कि 12 में से 11 सीटें भाजपा के खाते में जा सकती हैं। उन्होंने कहा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कम समय में जिस तरह का काम किया है, उसी का नतीजा हमें इन उपचुनावों में मिलेगा।”
वार्ड-198, विनोद नगर से भाजपा उम्मीदवार सरला चौधरी ने कहा, “मैं दूसरी बार विनोद नगर से चुनाव लड़ रही हूं। लोगों ने हमारे काम को देखा है। खासकर रवि नेगी ने भ्रष्टाचार उजागर कर जो काम किए, उसी की वजह से उन्हें भी आगे बढ़ाया गया। जनता पूरा समर्थन दे रही है। हम काम के आधार पर जीतेंगे, खोखले वादों पर नहीं। यह सीट बीजेपी की मजबूत सीट रही है और यहां कोई मजबूत विपक्ष नहीं है।”
वार्ड 76, मटिया महल से भाजपा उम्मीदवार सुनील शर्मा ने कहा, “माहौल बहुत अच्छा है और चुनाव में सबका झुकाव भाजपा की तरफ है।”
वार्ड 76, मटिया महल से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मुदस्सर उस्मान अहमद ने भी अपनी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, “यहां हमारी स्थिति बहुत अच्छी और पॉजिटिव है। यह पारंपरिक रूप से आम आदमी पार्टी की सीट है, जिसे हम बनाए रखेंगे।”
संगम विहार के मुस्लिम बहुल क्षेत्र, बंद रोड स्थित विक्रम पब्लिक स्कूल बूथ पर भी सुबह से ही मतदान जारी है। मतदाता उत्साह के साथ मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं। एक मतदाता ने कहा, “हम अपने क्षेत्र की समस्याओं जैसे जलभराव, सफाई और ड्रेनेज की समस्या को ध्यान में रखकर वोट दे रहे हैं। पिछले कार्यकाल में ये समस्याएं दूर नहीं हुईं, इसलिए हम बदलाव के लिए वोट कर रहे हैं।”
चांदनी चौक में भी मतदान जारी है। यहां एक मतदाता ने कहा, “मेरा पूरा जीवन चांदनी चौक में बीता है। हम सभी चाहते हैं कि चांदनी चौक का विकास हो।”
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


