खबरwala 24 न्यूज हापुड़ : गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों का रिकार्ड अब पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा। यहां पर आठ कंप्यूटर लगा दिए गए हैं। एक क्लिक करते ही रोगी के पर्चा सामने आ जाएंगे।
सीएचसी अधीक्षक डाक्टर दिनेश खत्री ने बताया कि शुक्रवार को कंप्यूटरों से आनलाइन पर्चियों के बनने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। अब जल्द ही यहां पर सेवा देने वाले चिकित्सकों के पास भी कंप्यूटर लगाए जाएंगे। ताकि, मरीजों को बार-बार पर्चा लाकर चिकित्सकों को नहीं दिखाना पड़े।
उन्होंने बताया कि अभी तक सीएचसी में हाथों से लिखी पर्चियों से ही मरीजों का उपचार होता था। ऐसे में उनका रिकार्ड सुरक्षित रखना थोड़ा कठिन हो जाता था। सीएचसी को मरीजों का पर्चा बनाने के लिए आठ कंप्यूटर मिले हैं। जिसके बाद शुक्रवार से मरीजों के कंप्यूटराइज्ड पर्चा बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से लाभ यह होगा कि अब यदि मरीज चिकित्सकों को दिखाने के लिए आएगा तो उसे अपने साथ पर्चा रखने की आवश्यकता नहीं होगी। सिर्फ एक क्लिक पर ही मरीज का पूरा विवरण सामने आ जाएगा। चिकित्सक कौन सी दवा लिख रहे हैं और मरीज कौन सी दवा खा रहा है, इसके बारे में पूरी जानकारी मिल सकेगी।


