मुंबई, 16 जनवरी (khabarwala24)। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा जोनास एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म या अवॉर्ड नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी का बेहद खूबसूरत पल है। प्रियंका और उनके अमेरिकी पॉप स्टार पति निक जोनास की बेटी मालती मैरी चार साल की हो गई हैं।
इस खास मौके को कपल ने पूरे प्यार और खुशी के साथ सेलिब्रेट किया, जिसकी झलक खुद प्रियंका और निक ने सोशल मीडिया पर साझा की।
प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर मालती के जन्मदिन पार्टी की एक झलक दिखाई। उन्होंने एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें मालती के लिए ‘द लिटिल मरमेड’ थीम पर बर्थडे सेलिब्रेट किया गया। पार्टी में केक खास तौर पर इस थीम को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। केक पर डिज्नी की मशहूर किरदार एरियल और उसकी दोस्त सेबास्टियन को बनाया गया।
इस तस्वीर को साझा करते हुए प्रियंका ने कैप्शन में लिखा, ‘वह चार साल की हो गई है।’
वहीं, निक जोनास ने भी अपनी बेटी के जन्मदिन पर एक प्यारी तस्वीर शेयर की, हालांकि उन्होंने मालती के चेहरे को केक इमोजी से ढक रखा था। इसके साथ उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा, ”मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मेरी नन्ही परी अब चार साल की हो गई है।”
इस खास मौके पर प्रियंका की मां मधु चोपड़ा ने भी अपनी नातिन मालती के लिए एक भावुक संदेश लिखा। मधु चोपड़ा ने लिखा, ”मालती ने मुझे नानी बनाया और मेरी जिंदगी को खुशियों और जादू से भर दिया। आपको ढेर सारा प्यार और जन्मदिन की शुभकामनाएं।”
गौरतलब है कि प्रियंका और निक ने जनवरी 2022 में सरोगेसी के जरिए अपनी बेटी मालती मैरी का स्वागत किया था। बाद में इस कपल ने खुलासा किया था कि मालती का जन्म समय से पहले हो गया था, जिसके चलते उसे 100 दिनों से ज्यादा समय तक एनआईसीयू में रहना पड़ा था। यह समय दोनों के लिए बेहद मुश्किल था।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


