मुंबई, 19 मार्च (khabarwala24)। अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्मों में काम कर दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने भले ही अपने करियर की शुरुआत सहायक भूमिका से की हो, लेकिन दर्शकों के बीच आज वह मुख्य कलाकार के रूप में पहचान रखती हैं।
अपने लंबे सफर को याद करते हुए दिव्या ने कहा कि वे सिर्फ वही काम चुनती हैं, जिसमें उन्हें मजा आता है। उन्होंने कहा, “मुझे ऐसे रोल करना पसंद हैं, जिसे करने में मुझे सच में खुशी मिले। मैं ऐसे सेट पर काम करना पसंद करती हूं जहां मैं मुस्करा सकूं, हंस सकूं और अपने किरदार में पूरी तरह ढल जाऊं। जहां लोग मेरा हौसला बढ़ाएं और कहें कि यह तुम्हारी एक और अच्छी उपलब्धि है। मेरे लिए यह बहुत जरूरी है।”
दिव्या ने अपने करियर में हर तरह के किरदार निभाए। साथ ही उन्होंने पंजाबी, अंग्रेजी, मलयालम और तेलुगु फिल्मों में भी अभिनय किया है। अपने तीन दशक से ज्यादा समय इंडस्ट्री में बिताने के बाद दिव्या ने दर्शकों से बने रिश्ते पर बात की। उन्होंने कहा, “मैं इंडस्ट्री में 30 साल से काम कर रही हूं। इन सालों में मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है लोगों का प्यार। जहां भी मैं जाती हूं, लोग मुझे परिवार का हिस्सा मानते हैं और कहते हैं, यह तो हमारी अपनी है। किसी भी कलाकार के लिए यह सबसे बड़ा इनाम है।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरा सफर खुद को नई पहचान देने, हमेशा कुछ नया करने और कभी सफलता से संतुष्ट होकर रुक न जाने का रहा है। अगर मैं सोच लूं कि यह मेरा कम्फर्ट जोन है और बस ऐसे ही रोल करूंगी, तो मजा खत्म हो जाएगा। खुद को और दर्शकों को हमेशा कुछ नया देना सबसे अच्छी बात है।”
अभिनेत्री दिव्या जिंदगी को ईसीजी रिपोर्ट की तरह देखती हैं। उनका कहना है कि जिंदगी में उतार-चढ़ाव आना आम बात है लेकिन हमें हर पल को खुलकर जीना चाहिए, मजा लेना चाहिए और महसूस करना चाहिए। जो कुछ लोग मिलकर या काम से सीखते हैं, उसे अपनाना चाहिए।”
दिव्या दत्ता जल्द ही आगामी सीरीज चिरैया में नजर आएंगी। इसमें वे एक ऐसी महिला का किरदार निभाती दिखेंगी, जो समाज के सामने सवाल उठाते हुए अपने ही लोगों से लड़ती दिखेगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


