खबरवाला24 न्यूज: जनपद के कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाले व्यक्ति से एक आरोपित ने कमेटी डालने के नाम पर तीन लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपित ने पीड़ित के साथ गाली गलौज कर मारपीट कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में मोहल्ला करीमपुरा के रहने वाले फहीम अहमद ने बताया कि थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा के रहने वाले इरफान से उसकी अच्छी जान-पहचान थी। आरोप है कि कुछ समय पहले कमेटी डालने के लिए इरफान ने कुछ सदस्यों का एक समूह बनाया था। समूह के सभी सदस्यों को कमेटी की किश्त आरोपित के पास जमा करनी थी। प्रतिमाह की किश्त पीड़ित जमा कराता रहा। तीन लाख रुपये जमा कराने के बाद पीड़ित ने आरोपित से रुपये मांगे।
इस पर आरोपित ने रुपये देने का आश्वासन देकर पीड़ित को टरकाने लगा। आरोप है कि आरोपी ने पीड़ित के साथ गाली गलौज करते हुए हत्या की धमकी दी। मामले की शिकायत पीड़ित ने कोतवाली में की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित इरफान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


