बागलकोट, 11 दिसंबर (khabarwala24)। एक छोटी-सी कहासुनी ने इतना भयानक रूप ले लिया कि पति ने अपनी पत्नी की कैंची से गोदकर हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना कर्नाटक के बागलकोट जिले के तेरदाल शहर के गुम्मटगल्ली इलाके में हुई।
मृतका का नाम लक्ष्मी है। वह भरतेश महेश्वरवाड़ी की पत्नी थी और सिर्फ 27 साल की थी। आरोपी पति भरतेश महेश्वरवाड़ी 32 साल का है। दोनों की शादी दस साल पहले हुई थी। इन दस सालों में पति-पत्नी के बीच रोजाना छोटी-मोटी बातों पर झगड़ा होता रहता था। परिवार के बुजुर्गों ने कई बार बीच-बचाव करके मामला सुलझाने की कोशिश की। लेकिन, हर बार नाकाम रहे।
बुधवार की रात करीब दस बजे फिर किसी मामूली बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों बेडरूम में जा पहुंचे। गुस्से में भरतेश ने कैंची उठाई और लक्ष्मी पर चार-पांच वार कर दिए। लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही तेरदाल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भरतेश को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। लक्ष्मी के परिवार वालों ने भरतेश और उसके परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसियों ने बताया कि दोनों के बीच झगड़े आम बात थे। कई बार तो आवाजें बाहर तक आती थीं। लोग समझाते भी थे। लेकिन, बात नहीं बनती थी। इस बार झगड़े ने इतना खतरनाक रूप ले लिया कि एक जिंदगी हमेशा के लिए खत्म हो गई।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। अब कोर्ट में मामला चलेगा और सजा तय होगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


