गौतमबुद्धनगर, 19 फरवरी (khabarwala24)। नशे के खिलाफ कार्रवाई में गौतमबुद्धनगर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दो दिन चले विशेष अभियान के दौरान 84 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 86 किलो गांजा व 470 लीटर शराब बरामद की गई।
यह दो दिवसीय विशेष अभियान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाया गया। यह अभियान 17 फरवरी से 18 फरवरी तक संचालित किया गया, जिसके दौरान पुलिस ने व्यापक स्तर पर चेकिंग और छापेमारी की कार्रवाई की।
अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत नॉरकोटिक्स और आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्रवाई करते हुए कुल 84 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 86 किलोग्राम गांजा और 470 लीटर अवैध शराब बरामद की है। कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई स्थानीय पुलिस की सतर्कता, निरंतर निगरानी, खुफिया सूचनाओं के त्वरित संकलन और प्रभावी रणनीति के चलते संभव हो सकी।
डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने 5338 व्यक्तियों की चेकिंग की। इस दौरान 30 अभियोग पंजीकृत कर 32 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। यहां से 56 किलोग्राम गांजा और 235.8 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में 2172 लोगों की जांच की गई। 18 अभियोग दर्ज कर 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस जोन से 18 किलोग्राम गांजा और 97.2 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मिया खान के नेतृत्व में 2773 व्यक्तियों की चेकिंग की गई। यहां 33 अभियोग पंजीकृत कर 34 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में 12 किलोग्राम गांजा और 137 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में कुल 10,283 व्यक्तियों की जांच की गई। 81 अभियोग दर्ज करते हुए 84 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों की कमर तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें। पुलिस ने दोहराया कि ‘नशा मुक्त समाज-सुरक्षित भविष्य’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


