मथुरा, 21 मार्च (khabarwala24)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में प्रसिद्ध गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की सड़क हादसे में मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। घटना के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है, जबकि इस मामले को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी बीच, मथुरा पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अफवाहों पर विराम लगाया है।
मथुरा पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह थाना कोसीकलां क्षेत्र में घने कोहरे के चलते एक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें संत चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा बाबा’ की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई। पुलिस की जांच में सामने आया है कि जिस कंटेनर को फरसा बाबा ने रोका था, उसमें किराने का सामान लदा हुआ था। वहीं, पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक में तार (वायर) ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने यह साफ किया कि इस घटना का गौकशी या गोवंश तस्करी से कोई संबंध नहीं है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की भ्रामक खबरें वायरल होने लगीं, जिनमें इसे गोतस्करी से जोड़कर पेश किया गया। इन अफवाहों के चलते इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मथुरा पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी खबरें पूरी तरह असत्य और भ्रामक हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी को फेसबुक, एक्स या इंस्टाग्राम पर साझा न करें। साथ ही, चेतावनी दी गई है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आगे बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोसीकलां में सड़क दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
इन सब के बीच, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने जवाबदेही और कानून के पालन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


