हैदराबाद, 22 फरवरी (khabarwala24)। तेलंगाना पुलिस ने लेखक और यूट्यूबर बोग्गुला श्रीनिवास की रहस्यमयी मौत का खुलासा करते हुए उनके एक करीबी दोस्त को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर सुपारी किलर्स को हायर कर श्रीनिवास की हत्या करवाई और बाद में शव सहित कार को जलाशय में धकेल कर इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
48 वर्षीय श्रीनिवास का शव 14 फरवरी को खम्मम जिले के पलैर जलाशय में एक कार के अंदर मिला था। स्थानीय मछुआरों ने पुलिस को सूचना दी थी कि दुर्घटना के समय चालक कार से कूदकर फरार हो गया था। पुलिस ने वाहन को बाहर निकलवाया तो श्रीनिवास के सिर पर चोट के निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध हो गया। अगले दिन शव की पहचान श्रीनिवास के रूप में हुई।
आंध्र प्रदेश के नंदीयाल जिले के नंदिकोटकुर मंडल के अल्लूर गांव के मूल निवासी श्रीनिवास 2014 में “पवन कल्याण हटाओ-राजनीति बचाओ” पुस्तक के प्रकाशन के बाद चर्चा में आए थे। पुस्तक के विमोचन के समय उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां भी मिली थीं। परिवार ने उनकी मौत पर संदेह जताया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एक सप्ताह की जांच के बाद पुलिस ने वेणु माधव रेड्डी और तीन कथित सुपारी किलर्स को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।
खम्मम ग्रामीण पुलिस ने रविवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि हत्या के पीछे वित्तीय लेन-देन का विवाद था। सहायक पुलिस आयुक्त तिरुपति रेड्डी के अनुसार, श्रीनिवास ने आरोपी माधव रेड्डी को कुछ कारोबारी लेन-देन के लिए अपने जीएसटी खाते का उपयोग करने की अनुमति दी थी।
बाद में जीएसटी बकाया को लेकर अधिकारियों से नोटिस मिलने पर श्रीनिवास ने समझौते के तहत नकद भुगतान की मांग की। जब उन्होंने इस भुगतान के लिए दबाव बनाया तो माधव रेड्डी ने कथित तौर पर उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, माधव रेड्डी ने भद्राद्री कोठागुडेम जिले के तीन व्यक्तियों, पी. कोटेश्वर राव, शेख अब्दुल हफीज और अजमत अली को हत्या के लिए सुपारी दी। श्रीनिवास की हत्या नालगोंडा जिले के नारकेटपल्ली के पास उस समय की गई जब वह कार से आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा जा रहे थे।
वारदात के बाद आरोपियों ने शव सहित कार को पलैर जलाशय में धकेल दिया ताकि इसे सड़क दुर्घटना जैसा दिखाया जा सके और पुलिस को गुमराह किया जा सके। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


