नई दिल्ली, 13 मार्च (khabarwala24)। पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले से ही चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े करीब 15 मामलों में शामिल रहा है।
हरिनगर पुलिस के अनुसार, इलाके में बढ़ रही वाहन चोरी और सड़क पर होने वाले अपराधों पर रोक लगाने के लिए हरिनगर पुलिस की टीम नियमित रूप से गश्त कर रही थी। बुधवार रात 9:10 बजे खाटू श्याम स्टेडियम के सामने शहीद मेजर राजीव लाल मार्ग के पास गश्त के दौरान सिपाही मनीष ने एक व्यक्ति को ग्रे रंग की स्कूटी चलाते हुए आते देखा। पुलिस को देखते ही स्कूटी चालक ने अचानक पीछे मुड़ने की कोशिश की और भागने का प्रयास किया, जिससे पुलिस को शक हुआ।
सिपाही मनीष ने तुरंत उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सागर उर्फ नेपाली (29) निवासी नारायणा गांव, दिल्ली के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी जेब से अवैध बटनदार चाकू और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस ने स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर को चेक किया, तो पता चला कि यह स्कूटी सुभाष प्लेस से चोरी की गई थी। वहीं, बरामद मोबाइल भी हरिनगर थाने में दर्ज मोबाइल चोरी के एक मामले से संबंधित पाया गया।
सूचना पर हेड कांस्टेबल सोमवीर मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद थाना हरि नगर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह चोरी की स्कूटी और मोबाइल को बेचने के लिए मायापुरी के कबाड़ी बाजार जा रहा था। यह कार्रवाई एसआई अनूप राणा, हेड कांस्टेबल सोमबीर और कांस्टेबल मनीष की टीम ने की, जिसका नेतृत्व थाना हरि नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर आशु गिरोत्रा ने किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


