दुमका, 11 फरवरी (khabarwala24)। झारखंड की उपराजधानी दुमका में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांधी मैदान के समीप सदर पुलिस इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे एक महिला और पांच-छह साल की बच्ची का शव बरामद किया गया। इसकी खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सुबह उक्त स्थान पर दोनों के शव पड़े देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। थोड़ी ही देर में सदर एसडीपीओ समेत अन्य वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शवों की स्थिति संदिग्ध पाई गई है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह भी जांच का विषय है। मृतका और बच्ची की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा रहा है ताकि उनकी शिनाख्त की जा सके। कुछ लोगों का कहना है कि महिला अर्धविक्षिप्त थी। वह अक्सर अपनी बच्ची के साथ इस इलाके में देखी जाती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला के साथ एक दिव्यांग युवक भी कई बार नजर आता था, जो आसपास ही घूमता रहता था। इसी युवक को लेकर पुलिस को शक है और उसकी तलाश की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाए जाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
–khabarwala24
एसएनसी/एएस
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


