नई दिल्ली, 16 फरवरी (khabarwala24)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के घिटोरनी मेट्रो थाना पुलिस ने आईफोन चोरी के दो मामलों में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इससे पहले भी ये कई वारदात में शामिल था।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 13 फरवरी को थाना घिटोरनी में आईफोन चोरी के संबंध में दो अलग-अलग ई-एफआईआर दर्ज की गई थीं। दोनों मामलों में वारदात का तरीका एक जैसा होने के कारण पुलिस ने इसे संगठित पैटर्न मानते हुए विशेष जांच शुरू की।
एसआई राजेंद्र और राज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष “क्रैक टीम” गठित की गई। टीम ने हौज खास सहित विभिन्न मेट्रो स्टेशनों और आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज लेकर उसकी जांच की। जांच के दौरान फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो जानबूझकर एक शिकायतकर्ता को धक्का देता है और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाता है।
तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी दलजीत सिंह उर्फ दलबीर सिंह (42) को गिरफ्तार किया। यह आरोपी उत्तम नगर के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों ई-एफआईआर में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह उत्तम नगर में फल बेचने का काम करता है, लेकिन नशे की लत के कारण उसने चोरी और स्नैचिंग को आय का जरिया बना लिया था। वह विशेष रूप से महंगे मोबाइल फोन, खासकर आईफोन को चोरी कर बेच देता था।
उसने बताया कि उसे जो पैसा मिलता था, उससे वह कुछ दिन तक नशा करता था, इसके बाद पैसा खत्म हो जाने के बाद फिर से फोन चोरी करता रहता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी 2008 से सक्रिय एक “बैड कैरेक्टर” है और उसके खिलाफ कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 6 मामले घिटोरनी मेट्रो थाना, 1 मामला राजीव चौक मेट्रो थाना, 1 मामला शास्त्री पार्क मेट्रो थाना और 1 मामला पहाड़ गंज थाने में दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के परिजनों से भी बात की जा रही है और उनके अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


