नई दिल्ली, 11 मार्च (khabarwala24)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात छेनू गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राशिद उर्फ सोनू और फहीम उर्फ डैनी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, पांच कारतूस और एक कार बरामद की है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छेनू गैंग से जुड़े कुछ बदमाश रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-1 टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने कुछ देर बाद एक ग्रे रंग की टाटा पंच कार को संदिग्ध हालात में देखा। टीम ने जब कार को रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार दोनों आरोपियों ने मौके से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कुछ दूरी तक पीछा किया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें एक पिस्टल में चार कारतूस और देसी कट्टे में एक कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा जिस कार में दोनों आरोपी सवार थे, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि राशिद उर्फ सोनू एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 21 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। इतना ही नहीं, वह राजस्थान के जयपुर स्थित विधायकपुरी थाने में दर्ज 70 लाख रुपए की ज्वेलरी चोरी के मामले में भी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके नेटवर्क और अन्य आपराधिक मामलों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों आरोपी दिल्ली में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


