बेंगलुरु, 24 दिसंबर (khabarwala24)। बेंगलुरु पुलिस ने महिला पर हमला करने के आरोप में 29 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि रिलेशनशिप में आने से इनकार करने पर युवक ने महिला पर हमला किया है। फिलहाल, बेंगलुरु पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी है।
आरोपी की पहचान 29 साल के नवीन कुमार के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु के येलहंका क्षेत्र का रहने वाला है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी और पीड़िता ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे से दोस्ती की थी। हालांकि, कुछ दिनों पहले पीड़िता ने आरोपी का मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक कर दिया।
पुलिस ने कहा कि मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट पर ब्लॉक किए जाने से युवक गुस्से में था। उसने महिला से उसके पीजी के पास बात करने की कोशिश की। इसी बीच, दोनों के बीच झगड़ा हो गया और उसने महिला पर हमला कर दिया। मारपीट की यह घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे हुई।
एक वायरल वीडियो में आरोपी नवीन एक कार में आते हुए दिखा। वह महिला पर हमला करता भी नजर आया। वारदात के बाद वह उसी गाड़ी में मौके से फरार हो गया।
अपनी शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक ने उसके साथ मारपीट की, उसे सड़क पर घसीटा और कपड़े खींचे। आरोपी ने हमले के दौरान उन्हें फाड़ने की भी कोशिश की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि शिकायत के 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कहा कि आरोपी और पीड़िता 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए थे और रिलेशनशिप में थे। अपने रिलेशनशिप के दौरान नवीन ने कथित तौर पर महिला पर रिलेशनशिप जारी रखने के लिए दबाव डाला। पुलिस ने यह भी कहा कि दोनों के बीच पैसे के मामलों को लेकर झगड़ा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़िता का पीछा कर रहा था। वह जहां भी जाती थी, उसका पीछा करता था। उसने कथित तौर पर गंदी भाषा का इस्तेमाल करके उसे गाली दी, उसके साथ मारपीट की और उसे बार-बार परेशान किया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


