मुंबई, 23 मार्च (khabarwala24)। अभिनेता पुलकित सम्राट स्पोर्ट्स-क्राइम ड्रामा सीरीज ‘ग्लोरी’ से ओटीटी पर डेब्यू करने जा रहे हैं। इसमें वे नए अवतार यानी एक बॉक्सर के रूप में दिखेंगे। सोमवार को पुलकित ने अपनी फिटनेस मंत्र की जानकारी फैंस को दी।
पुलकित ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में वे जिम में पसीना बहाते दिखाई दे रहे हैं। अभिनेता ने लिखा, “कुछ लोग इसे टॉर्चर बोलेंगे, लेकिन मैं इसे फिटनेस कहूंगा।”
पुलकित के पोस्ट पर इंडस्ट्री के दोस्तों और कलाकारों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रियाओं की बौछार कर दी। कई लोगों ने हार्ट और फायर के इमोजी कमेंट किए। पुलकित की पत्नी और अभिनेत्री कृति खरबंदा ने लिखा, “मुझे आप पर बेहद गर्व है।”
अभिनेता अली फजल ने हार्ट इमोजी के साथ कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रिया दी। करण अंशुमन और कनिष्क वर्मा द्वारा निर्देशित सीरीज में पुलकित के साथ दिव्येंदु शर्मा और सुविंदर विक्की भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह सीरीज एक दिग्गज बॉक्सिंग कोच (सुविंदर विक्की) और उनके बिछड़े हुए बेटों की कहानी है, जो ओलंपिक महत्वाकांक्षाओं और पुराने संघर्षों के इर्द-गिर्द घूमती है।
शो का निर्माण करण अंशुमन और कर्मण्य आहूजा ने किया है। जबकि, इसे एटॉमिक फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है।
अभिनेता ने प्रोजेक्ट को लेकर काफी मेहनत की है। इसके लिए उन्होंने गहन शारीरिक और मानसिक ट्रेनिंग ली है और एक बॉक्सर के टोन्ड शरीर को पाने के लिए भारी कसरत की है। वहीं, सीरीज की शूटिंग पंजाब के विभिन्न स्थानों पर की गई है। यह सीरीज अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
इससे पहले पुलकित वरुण शर्मा के साथ फिल्म ‘राहु केतु’ में नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


