Khabarwala 24 News Hapur: कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी एक छात्र की पंजाब के रूपनगर में जिम में वर्कआउट करते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक छात्र आईआईटी रोपड़ में बी-टेक सिविल इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष का छात्र था। बुधवार को जब उसका शव हापुड़ पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
छुट्टी खत्म होने से दो जनवरी को वापस लौटा था (Hapur)
बताया गया कि आदित्य सागर सर्दियों की छुट्टियों में घर आया था और छुट्टियां समाप्त होने पर दो जनवरी को ही आईआईटी रोपड़ वापस लौट गया था। छह जनवरी को वह कैंपस परिसर स्थित जिम में वर्कआउट करने गया था। इसी दौरान अचानक उसके कान से खून निकलने लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा। जिम में मौजूद छात्रों ने तत्काल उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूर्व पीएम की सुरक्षा में रह चुके हैं मृतक छात्र के पिता (Hapur)
मृतक छात्र आदित्य सागर के पिता विनीत कुमार सागर मूल रूप से जनपद बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र के गांव ढलना के निवासी हैं। वर्तमान में वह पटना में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में एएससी के पद पर तैनात हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सुरक्षा में भी तैनात रह चुके हैं। उनकी पत्नी मधु सागर गृहिणी हैं। छोटा बेटा अर्णव सागर रायपुर से कानून की पढ़ाई कर रहा है।
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार (Hapur)
पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को छात्र का शव हापुड़ लाया गया। शाम को आवास विकास कॉलोनी स्थित श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। बेटे का शव देखते ही परिजन बेसुध हो गए। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। छात्र की असमय मौत से न केवल परिवार बल्कि परिचितों और शिक्षण जगत में भी गहरा दुख है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


