सोमनाथ, 9 जनवरी (khabarwala24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमनाथ मंदिर के दौरे से पहले तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। सनातन संस्कृति व आध्यात्मिक गौरव की अक्षुण्ण विरासत सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले हमले के एक हजार साल होने पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया जा रहा है। 11 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले सोमनाथ में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। सोमनाथ के एसपी जयदीप सिंह जडेजा ने बताया कि पीएम मोदी के दौरे के समय पूरे कार्यक्रमों में जल, थल और आकाश तीनों स्तर से सुरक्षा के लिए इंतजाम किए गए हैं। दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। 20 से अधिक आईपीएस रैंक के अधिकारी होंगे। इंस्पेक्टर, एसआई और डिप्टी रैंक के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत प्रधानमंत्री मोदी शनिवार की शाम को सोमनाथ आएंगे। अपने दौरे के दौरान वे कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जिसमें सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट ऑफिस में मीटिंग और फिर मंदिर में दर्शन करना शामिल है।
एसपी जयदीप सिंह जडेजा ने बताया कि 10 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी ‘ओंकार’ जाप का हिस्सा बनेंगे। दूसरे दिन 11 जनवरी को सुबह प्रधानमंत्री मोदी सोमनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। वे शोभा यात्रा में भी शामिल होंगे और फिर एक भव्य सभा को संबोधित करेंगे।
शिव पूजा की आवाजों, धुनों और संगीत से सोमनाथ पूरी तरह ‘शिवमय’ हो चुका है। शंखनाद और वैदिक मंत्रों के साथ लगातार 72 घंटे का ‘ओंकार’ जाप जारी है। सोमनाथ की मुख्य सड़कों समेत प्रमुख जगहों को सजाया जा रहा है। सोमनाथ मंदिर के भक्तिमय माहौल को देखकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।
उत्तर प्रदेश के बदायूं के निवासी गौरव कुमार ने सोमनाथ मंदिर में दर्शन के बाद कहा कि यहां 8 जनवरी से 11 जनवरी तक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया जा रहा है। इस दौरान भव्य नजारा देखने को मिला है। पश्चिम बंगाल के रहने वाले एक श्रद्धालु ने कहा कि सोमनाथ मंदिर में अच्छे से दर्शन हुए हैं और यहां आनंदमय माहौल है।
पहली बार सोमनाथ मंदिर दर्शन करने पहुंचीं हापुड़ की अर्चना सिंह ने कहा कि हमें यहां पहुंचने के बाद पता चला कि 11 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी पहुंचेंगे। ऐसे में यहां भव्य आयोजन की तैयारियां चल रही हैं, जो काफी शानदार हैं। उन्होंने सोमनाथ मंदिर की व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधन की प्रशंसा की।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।















