नई दिल्ली, 11 नवंबर (khabarwala24)। डॉ. सलीम मोइज़ुद्दीन अब्दुल अली भारत के सबसे मशहूर पक्षी विज्ञानी, वन्यजीव संरक्षणवादी और प्रकृतिवादी थे। उन्होंने भारत में पक्षियों के अध्ययन और संरक्षण की दिशा में कई ऐसे काम किए, जिसकी वजह से आज हम पक्षियों के बारे में इतनी गहराई से जान पाते हैं।
अगर वे नहीं होते, तो शायद देश में पक्षियों का व्यवस्थित सर्वे और उनके बारे में आम लोगों की जानकारी इतनी आसान नहीं होती। यही वजह है कि उन्हें ‘बर्डमैन ऑफ इंडिया’ कहा जाता है।
डॉ. सलीम अली का जन्म 12 नवंबर 1896 को मुंबई के एक सुलेमानी बोहरा मुस्लिम परिवार में हुआ था। वे अपने माता-पिता की नौवीं संतान थे, लेकिन जब वे केवल एक साल के थे, तब उनके पिता का देहांत हो गया और तीन साल की उम्र में मां भी चल बसीं।
बचपन से ही सलीम की दिलचस्पी प्रकृति और पक्षियों में थी। उन्होंने 1913 में 10वीं की परीक्षा पास की और फिर परिवार के व्यवसाय के लिए बर्मा (अब म्यांमार) चले गए।
वहां के जंगलों में तरह-तरह के पक्षियों को देखकर उनमें पक्षी विज्ञान के प्रति गहरी रुचि जगी। कुछ सालों बाद वे वापस लौटे और नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी के म्यूजियम में काम करने लगे। लेकिन, उनका मन वहीं नहीं भरा और वे आगे पढ़ाई के लिए जर्मनी चले गए, जहां उन्होंने प्रसिद्ध जीव वैज्ञानिक इरविन स्ट्रेसमैन से पक्षी विज्ञान का प्रशिक्षण लिया।
सन 1930 में वे भारत लौटे और देश के अलग-अलग इलाकों में जाकर पक्षियों का अध्ययन करने लगे।
सलीम अली का कहना था कि पक्षियों की ज़ुबान समझने के लिए धैर्य और प्रेम चाहिए। उन्होंने पक्षियों को बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ने के 100 से भी ज़्यादा तरीके खोजे, जो आज भी पक्षी वैज्ञानिक इस्तेमाल करते हैं। भरतपुर पक्षी विहार (केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान) की स्थापना में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा।
उन्होंने कई प्रसिद्ध किताबें लिखीं, जैसे द बुक ऑफ इंडियन बर्ड्स, हैंडबुक ऑफ द बर्ड्स ऑफ इंडिया एंड पाकिस्तान और द फॉल ऑफ अ स्पैरो। उनके योगदान को देखते हुए उन्हें पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे कई बड़े सम्मान मिले।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।















