पटना, 27 अक्टूबर (khabarwala24)। बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान में अब 10 दिन से भी कम समय रह गया है। मंगलवार को महापर्व छठ की समाप्ति के बाद चुनाव प्रचार के और रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी चुनाव प्रचार में उतरने जा रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर 30 अक्टूबर को बिहार के दौरे पर आने वाले हैं।
बताया जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर से सात नवंबर तक बिहार में ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं करेंगे। भाजपा के एक नेता की मानें तो पीएम मोदी 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर एवं छपरा में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत उनका दो नवंबर को बिहार आने का कार्यक्रम है। वे इस दिन पहले दो स्थानों पर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे और उसके बाद पटना में रोड शो करेंगे। भाजपा इसे प्रधानमंत्री के सबसे व्यापक चुनावी अभियान के रूप में देख रही है।
भाजपा ने रोड शो की तैयारियां तेज कर दी हैं। बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
इधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 29 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर के सकरा और दरभंगा विधानसभा क्षेत्रों में महागठबंधन समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ संयुक्त रूप से जनसभा को संबोधित करेंगे। बिहार कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि इस चुनाव में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का यह पहला बिहार दौरा है और वे सकरा सुरक्षित विधानसभा के प्रत्याशी उमेश राम के समर्थन में पहली जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके बाद वे दरभंगा में राजद और महागठबंधन के उम्मीदवार की सभा को संबोधित करेंगे।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी भी चुनाव प्रचार करने बिहार पहुंचेंगे। इससे पहले राहुल गांधी ने 16 दिनों तक बिहार में रहकर 1300 किमी की यात्रा की थी। इसके बाद विधानसभा चुनाव में उनकी पहली जनसभा महागठबंधन के प्रत्याशियों के लिए संयुक्त रूप से आयोजित होगी।
बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। वहीं, मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच माना जा रहा है। हालांकि, एआईएमआईएम भी एक अलग गठबंधन के तहत चुनावी मैदान में है। प्रशांत किशोर की जन सुराज भी 243 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।















