हजारीबाग, 9 जनवरी (khabarwala24)। झारखंड के हजारीबाग जिले के छात्र चंदन कुमार को ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग- 2026’ के लिए चयनित किया गया है। वह 9 से 12 जनवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष ‘विकसित भारत 2047 मिशन’ पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
इस मंच पर चंदन न केवल हजारीबाग बल्कि पूरे झारखंड की बुलंद आवाज बनकर देश के दिग्गजों के सामने ‘आत्मनिर्भर भारत’ का विजन रखेंगे।
चंदन कुमार ने khabarwala24 से बातचीत में बताया कि उन्होंने अपनी स्कूलिंग शिक्षा निकेतन से पूरी की और इंटरमीडिएट की पढ़ाई हजारीबाग से की। इसके बाद उन्होंने विनोबा भावे विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था, हालांकि कुछ कमियों के कारण उनका चयन नहीं हो सका। इसके बावजूद ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026’ के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होना गर्व की बात है।
चंदन कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम में उनका विषय ‘आत्मनिर्भर भारत – मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री मोदी का सपना नहीं है, बल्कि सभी देशवासियों का साझा सपना है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए करीब 50 हजार लोगों ने नामांकन किया था।
उन्होंने कहा कि मंच के माध्यम से उन्हें देश के बड़े और प्रतिष्ठित लोगों से मिलने और संवाद करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान वह अपने विषय पर विस्तार से विचार साझा करेंगे। देश में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की जरूरत है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि गूगल के सीईओ सुंदर पिचई और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला भारतीय हैं, लेकिन उन्हें विदेशों में काम करना पड़ा, क्योंकि उन्हें अपने देश में पर्याप्त संसाधन और अवसर नहीं मिल सके। इन सभी मुद्दों को वह राष्ट्रीय मंच पर उठाएंगे।
चंदन कुमार का चयन न केवल उनके परिवार और हजारीबाग के लिए, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। उनके विचार और प्रस्तुति से ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को लेकर युवाओं की सोच और भूमिका को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।















