नई दिल्ली, 14 दिसंबर (khabarwala24)। राजधानी दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली को लेकर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी घुसपैठिया बचाओ रैली कर रही है।
मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद ने कहा कि रविवार के दिन कांग्रेस की रैली में दूसरे राज्यों से भी लोग इसमें हिस्सा लेने आए हैं। यह काफी हैरान करने वाली बात है। लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर संसद में इस मुद्दे पर लंबी चर्चा के बाद कांग्रेस रैली कर रही है, यह हैरान करने वाला विषय है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष के वक्ताओं ने संसद में अपनी बात रखी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सभी के उत्तर भी दिए। चुनाव सुधार को लेकर राहुल गांधी ने अपनी बात रखी, उनका रवैया देखने को मिला। जो आम तौर पर रोज टी-शर्ट पहनते हैं, उस दिन कुर्ता-पजामा में दिखे और खादी पर लंबा भाषण दिया। जिस व्यक्ति को खादी से कुछ भी लेना देना नहीं है, जो सिर्फ भाषण देने के लिए खादी पहनता है, इससे उनकी गंभीरता पता चलती है।
भाजपा सांसद ने कहा कि अगर सच में वोट चोरी हुए भी थे गृह मंत्री अमित शाह ने भी बताया कि यह किन तीन मौकों पर और किस समय हुए। पहला, नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल के बीच, दूसरा 1971 में रायबरेली से, कुछ तरीकों से चुनाव में इंदिरा गांधी की जीत हुई, जो वोट चोरी का एक और बड़ा उदाहरण है। तीसरा, सोनिया गांधी के बारे में दिल्ली कोर्ट द्वारा जारी हालिया नोटिस में बताया गया है कि 1980 में उनका नाम नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र की वोटर लिस्ट में था।
रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली में पीएम मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी पर भाजपा सांसद ने कहा कि मैंने खुद ये नारा नहीं सुना है, लेकिन मैं इस पर ध्यान से नजर रखूंगा। अगर सच में ऐसे नारे लगाए गए हैं तो यह दिखाता है कि कांग्रेस अभी भी जनता की भावनाओं को समझने में नाकाम है। जब भी उन्होंने पीएम मोदी के खिलाफ गलत भाषा का इस्तेमाल किया है, जनता ने उन्हें नकार दिया है। कांग्रेस को समझना चाहिए कि उन्हें बिहार की जनता ने नकारा है, आगे आने वाले राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी नकारा जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


