नई दिल्ली, 29 नवंबर (khabarwala24)। दिल्ली की गोकलपुरी पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार कर डकैती के मामले का पर्दाफाश किया है। आरोपी के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
गोकलपुरी पुलिस को 17 नवंबर को यूके मिल्क एजेंसी, भागीरथी विहार में एक डकैती की सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, एक 16 वर्षीय छात्र काम कर रहा था, तभी दो व्यक्ति बंदूक दिखाकर दुकान में घुस आए और जान से मारने की धमकी देते हुए नकदी लूट कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान इंस्पेक्टर उमेद सिंह, गोकलपुरी एसएचओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने घटना के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें घटना में शामिल अपराधियों के बारे में जानकारी हुई।
बीते दिन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अपराधी गोकलपुरी नाला रोड के पास किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में है। सूचना मिलने पर पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध युवक को रोका। उसकी पहचान मोहम्मद आकिब (26) के रूप में हुई, जो न्यू मुस्तफाबाद के गली नंबर 8 का निवासी है।
आकिब की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। जांच में यह भी पता चला कि वह जिस बाइक पर सवार था, वह मंडावली थाना इलाके से चोरी की गई थी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ चोरी के मामले में भी एफआईआर दर्ज की गई।
पूछताछ के दौरान अपराधी मोहम्मद आकिब ने 17 नवंबर को हुई डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी पर पहले भी स्नैचिंग के मामलों में शामिल होने का आरोप है। फिलहाल, पुलिस उसकी अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोहम्मद आकिब से पूछताछ की जा रही है। इसने कई घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। इसकी निशानदेही पर इनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।















